कोटा शहर के नयापुरा थाना क्षेत्र स्थित लाडपुरा तहसील परिसर में मंगलवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश होने आए दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट और पथराव हो गया। पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में दोनों पक्ष एक-दूसरे से भिड़ गए। इस दौरान पत्थर उठाकर गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई, जबकि एक पक्ष के लोग जान बचाकर मौके से भागते नजर आए। घटना से तहसील परिसर में कुछ देर तक हड़कंप मचा रहा और वहां से गुजर रहे राहगीर भी सहम गए। जानकारी के अनुसार मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। करीब 4 से 5 महीने पहले अनंतपुरा क्षेत्र का एक युवक और नयापुरा थाना क्षेत्र के दोस्तपुरा इलाके की युवती घर छोड़कर साथ रहने लगे थे। परिजनों ने इस संबंध में थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बुधवार को युवक-युवती को पहले एसपी ऑफिस लाया गया, जहां भी दोनों पक्षों में कहासुनी हुई। इसके बाद पुलिस उन्हें लाडपुरा तहसील में मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश करने लाई। शाम को तहसील परिसर में दोनों पक्षों के बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। आरोप है कि युवती पक्ष के लोगों ने युवक पक्ष की कार पर पत्थर मारकर शीशे तोड़ दिए। मौके पर मौजूद कम संख्या में पुलिसकर्मी हालात संभाल नहीं सके। महिला, पुरुष और युवक-युवतियां आपस में हाथापाई करते नजर आए। घटना की सूचना पर नयापुरा थाना पुलिस की अतिरिक्त टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। नयापुरा थाना अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि युवक-युवती को मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जाना था। इसी दौरान युवती के परिजन हंगामा करने लगे और झगड़ा हो गया। पुलिस ने मौके से झगड़ा करने वाले लोगों को पकड़ लिया है। उन्हें शांति भंग में गिरफ्तार किया गया है। मामले की जांच जारी है।