कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज परिसर में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने करीब 62 करोड़ रुपए की स्वास्थ्य परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने 31 करोड़ 70 लाख रुपये की लागत से बनने वाले कॉटेज वार्ड का भूमिपूजन किया, जबकि 30 करोड़ 61 लाख रुपए की लागत से तैयार नए पीजी हॉस्टल्स का लोकार्पण किया। इस अवसर पर बिरला ने कहा कि मेडिकल कॉलेज को आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में देश के अग्रणी सरकारी संस्थानों में शामिल करना उनका लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि कॉटेज वार्ड उन मरीजों के लिए बड़ी राहत साबित होगा, जिन्हें लंबे समय तक अस्पताल में भर्ती रहकर इलाज कराना पड़ता है। वहीं नए पीजी हॉस्टल युवा चिकित्सकों को बेहतर अध्ययन, प्रशिक्षण और शोध का अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराएंगे। बिरला ने बताया कि निर्माणाधीन मदर एंड चाइल्ड हॉस्पिटल, रामाश्रय भवन और अन्य स्वास्थ्य परियोजनाएं भी कोटा की चिकित्सा व्यवस्था को नई पहचान देंगी। हर जरूरतमंद तक बेहतर इलाज पहुंचाना प्राथमिकता लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार केवल भवन निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि हर जरूरतमंद तक बेहतर और सुलभ इलाज पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। सुपोषित मां अभियान, हॉस्पिटल ऑन व्हील, गंभीर बीमारियों का निःशुल्क उपचार तथा कैंसर और लीवर जांच जैसी योजनाएं इसी सोच का हिस्सा हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आर्थिक अभाव किसी भी मरीज के इलाज में बाधा नहीं बनने दिया जाएगा। कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, विधायक संदीप शर्मा और मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. नीलेश जैन, अधीक्षक आशुतोष शर्मा ने भी संबोधित किया। मेडिकल कॉलेज परिसर को स्वच्छ, हराभरा और अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस बनाने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि आने वाले समय में कोटा हाड़ौती ही नहीं, बल्कि आसपास के राज्यों के लोगों के लिए भी भरोसेमंद चिकित्सा केंद्र के रूप में स्थापित होगा।