कोटा में दोस्तों के साथ नहाने गए एक नाबालिग का शव संदिग्ध परिस्थितियों में आलनिया डैम के पास मिला है। नाबालिग के सिर और शरीर पर चोट के निशान मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। 15 साल का प्रिंस रोझड़ी इलाके का रहने वाला था। 2 दिन पहले ही प्रिंस ने अपना जन्मदिन मनाया था। जानकारी के अनुसार, प्रिंस बुधवार सुबह करीब साढ़े 9 बजे अपने दोस्तों के साथ घर से निकला था। जब वह देर शाम तक वापस नहीं लौटा, तो परिजन उसकी तलाश में जुट गए। लापता होने के करीब 20 घंटे बाद गुरुवार सुबह उसका शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है। दोस्तों के साथ जाने के बाद से बंद था फोन मामा राहुल ने बताया कि प्रिंस अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसने नौवीं कक्षा के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी और उसके पिता ओमेश नगर निगम में सफाईकर्मी हैं। प्रिंस बुधवार सुबह करीब साढ़े 9 बजे कॉलोनी के ही 4-5 दोस्तों के साथ नहाने के लिए निकला था। दिनभर उसका फोन बंद रहा और जब वह शाम तक घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसके दोस्तों के घर जाकर पूछताछ की। हैरान करने वाली बात यह थी कि जिन दोस्तों के साथ प्रिंस गया था, वे भी अपने घरों से गायब थे। थाने में गुमशुदगी दर्ज कराने पहुंचे थे परिजन गुरुवार सुबह जब परिजन आरकेपुरम थाने में प्रिंस की गुमशुदगी दर्ज करवाने पहुंचे, उसी दौरान पुलिस को आलनिया डैम के पास एक शव पड़े होने की सूचना मिली। परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे, तो वहां पानी में प्रिंस का शव तैरता मिला। प्रिंस के बदन पर कपड़े नहीं थे और उसके सिर, गर्दन व पैर पर चोट के गहरे निशान थे। मौके से उसके कपड़े और मोबाइल फोन भी गायब थे। 2 दिन पहले ही मनाया था जन्मदिन मामा ने आरोप लगाया कि प्रिंस की हत्या की गई है। प्रिंस के साथ गए सभी दोस्त बुधवार से ही गायब हैं और उनके मोबाइल फोन भी लगातार बंद आ रहे हैं। दो दिन पहले ही प्रिंस ने अपना जन्मदिन मनाया था।