कोटा के भदाना इलाके में आपसी रंजिश के चलते स्कॉर्पियो कार में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। घटना शुक्रवार सुबह की है, जब करीब आधा दर्जन युवकों ने मिलकर वाहन को निशाना बनाया। विशाल बैरवा ने बताया कि वह भदाना मोबाइल की दुकान चलाता है। करीब एक साल पहले उसके दोस्त आदर्श कॉलोनी निवासी रितिक सैन ने उससे किस्तों पर लगभग सवा लाख रुपए का मोबाइल खरीदा था। समय पर किस्तें नहीं चुकाने को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया था। इसी रंजिश के चलते रितिक ने अपने 4-5 साथियों के साथ मिलकर उसकी स्कॉर्पियो में कल सुबह तोड़फोड़ की। घटना के दौरान शोर सुनकर विशाल जाग गया, लेकिन आरोपी मौके से फरार हो गए। भागते समय रितिक की पहचान हो गई। विशाल का आरोप है कि इससे पहले भी 22 सितंबर 2025 को रितिक इसी तरह उसकी कार को नुकसान पहुंचा चुका है। पीड़ित ने बताया कि वह पहले भी रेलवे कॉलोनी थाना, एसपी और आईजी तक शिकायत कर चुका है, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उसका कहना है कि पहले मामले में कार्रवाई नहीं होने के कारण ही आरोपियों के हौसले बढ़े और उन्होंने दोबारा वारदात को अंजाम दिया।