कोटा में मंगलवार सुबह से बादल छाए हुए हैं। साढ़े 7 बजे करीब शहर के कुछ इलाकों में 7 मिनट तक तेज बारिश हुई। बारिश से मौसम सुहावना हो गया, लेकिन उमस अभी भी बनी हुई है। मौसम विभाग में 9 जुलाई तक कोटा संभाग में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इससे पहले सोमवार रात को भी शहर के कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई। सोमवार को अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री व न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार इस साल सीजन में अब तक (6 जुलाई तक) केवल 89.8 एमएम बारिश हुई है। जबकि पिछले साल 6 जुलाई तक जिले में 482.8 एमएम बारिश दर्ज हो चुकी थी। यानी पिछले साल के मुकाबले इस बार 6 जुलाई तक 82% बारिश कम हुई है। इस बार मानसून की सुस्त रफ्तार रहने से पिकनिक स्पॉट भी सुने पड़े हैं। खेतों में बुवाई प्रभावित हो रही है। पिछले साल जुलाई के शुरुआती सप्ताह में हाड़ौती संभाग के पिकनिक स्थलों पर लोगों की अच्छी खासी भीड़ उमड़ रही थी।