कोटा शहर के गुमानपुरा थाना क्षेत्र में एक पार्क के अंदर युवक का शव मिला। मृतक की पहचान तारिक हुसैन (38) निवासी कोटड़ी के रूप में हुई है। परिजन युवक को अचेत अवस्था में एमबीएस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां ड्यूटी डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर गुमानपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम रूम में रखवाया। मंगलवार को परिजनों की मौजूदगी में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। परिजनों ने तारिक हुसैन की हत्या की आशंका जताई है और पार्क के चौकीदार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस का कहना है कि परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। शिकायत मिलने पर हर पहलू से जांच की जाएगी और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। गार्ड ने पार्क के अंदर जाने से रोका मृतक के बेटे अयान ने बताया कि सोमवार रात करीब 11 बजे जब पिता घर नहीं लौटे तो वह उन्हें तलाशने निकला। पार्क के बाहर पिता का ऑटो खड़ा मिला, जबकि पार्क का गेट अंदर से बंद था। अयान के अनुसार, उसने गार्ड को आवाज लगाई तो काफी देर बाद गेट खोला गया। गार्ड ने अंदर जाने से मना किया, लेकिन जब वह जबरन अंदर पहुंचा तो उसके पिता अचेत अवस्था में पड़े मिले। डॉक्टर ने मृत घोषित किया अयान ने बताया कि पिता के मुंह, कमर, हाथ और पैरों पर चोट के निशान थे। इसके बाद उसने परिजनों को सूचना दी और सभी लोग तारिक को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अयान ने आरोप लगाया कि पार्क के चौकीदार के कपड़ों पर भी खून के निशान थे, जिससे उसे हत्या की आशंका है। देर रात तक नहीं पहुंचा घर वहीं पड़ोसी सलीम ने बताया कि तारिक ऑटो चालक था और देर रात तक घर नहीं पहुंचा तो परिवार चिंतित हो गया। तलाश करने पर पार्क के बाहर उसका ऑटो खड़ा मिला। सलीम ने आरोप लगाया कि पार्क में कुछ लोग पैसे लेकर लोगों को बैठाते हैं और वहां नशा भी होता है। उसने कहा कि तारिक के शरीर पर चोट के कई निशान थे और शक है कि उसके साथ मारपीट कर हत्या की गई है। गुमानपुरा थाने के एसआई देवकीनंदन ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिलने पर पुलिस एमबीएस अस्पताल पहुंची थी। युवक को उसके परिजन पार्क से अस्पताल लेकर आए थे। उन्होंने बताया कि मृतक नशे का आदी था और दो दिन पहले ही जेल से छूटकर आया था। मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।