कोटा में पुलिस ने एक कार से 25 लाख 50 हजार रुपए की नकदी बरामद की। नयापुरा थाना पुलिस ने बुधवार को नाकाबंदी कर रखी थी। शहर में चलाए गए ए श्रेणी नाकाबंदी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। नयापुरा थाना अधिकारी विनोद कुमार ने बताया- इलाके के बड़ तिराहा के पास पुलिस टीम वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एरोड्रम चौराहे की ओर से आ रही सफेद रंग की एक बलेनो कार को रोका गया। वाहन ड्राइवर ने अपना नाम किशन बैरागी निवासी बूंदी बताया। पुलिस ने जब कार की तलाशी ली तो पीछे की सीट पर काले रंग का एक बैग मिला। बैग की जांच करने पर उसमें 500-500 रुपए के नोटों की 51 गड्डियां बरामद हुईं। कुल राशि 25 लाख 50 हजार रुपए निकले। कार ड्राइवर ने पूछताछ में सही जवाब नहीं दिया तो रुपए जब्त कर लिए गए। बैंक स्टेटमेंट नहीं देने पर रुपए किए जब्त पुलिस ने जब इतनी बड़ी रकम के बारे में कार ड्राइवर से पूछताछ की तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। साथ ही रकम से जुड़े कोई जीएसटी बिल या बैंक स्टेटमेंट भी प्रस्तुत नहीं कर पाया। इसके बाद पुलिस ने पूरी रकम को संदिग्ध मानते हुए बीएनएसएस की धारा 106 के तहत रुपए जब्त कर लिए। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। वहीं यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इतनी बड़ी रकम कहां से लाई गई। साथ ही इसका उपयोग किस उद्देश्य से किया जाना था। मामले की जांच जारी है।