पंजाब टेक्निकल यूनिवर्सिटी से डिग्री दिलाने का झांसा देकर धोखाधड़ी करने पर कोटा के इंस्टीट्यूट के दो डायरेक्टर को 3-3 साल के कठोर कारावास की सजा दी गई है। फैसला न्यायालय अतिरिक्त मुख्य न्यायाधीश मजिस्ट्रेट क्रम- 1 ( ACJM-1) ने सुनाया है। मामला करीब 15 साल पुराना है। कोर्ट ने एक्सल बी स्कूल ओल्ड जवाहर नगर के डायरेक्टर विक्रम सिंह जाट (33) निवासी सीसवाली जिला बारां व ऋतुराज सिंह (38) निवासी मांगरोल जिला बारां को सजा दी है। 1-1 लाख के अर्थदंड से दंडित भी किया है। स्टूडेंट्स से धोखाधड़ी कर ऐंठे रुपए मामले को लेकर मनोज वर्मा ने 13 जुलाई 2011 को जवाहर नगर थाने में शिकायत दी थी। शिकायत में बताया था कि उन्होंने 2010 में एक्सेल बी स्कूल,ओल्ड जवाहर नगर कोटा में मैनेजमेंट का कोर्स कर रहा था। स्कूल के मालिक विक्रम सिंह, धर्मवीर सिंह चौधरी, सुरेंद्र चौधरी, मंगल सिंघाड़ा ऋतुराज सिंघाड़ा ने उसे और उसको साथियों को MBA, PGPM, BBA BEPS, FOREIGN TOUR, LAPTOP, MOBILE, LIBRARY, JOB GUARANTY, INDUSTRY VISIT के कोर्स की गारंटी दी थी। इसके साथ ही पंजाब टेक्निकल यूनिवर्सिटी से डिग्री दिलाने की गारंटी भी ली थी। 40 हजार फीस जमा कराने और 1 साल गुजर जाने के बाद भी कोई कोर्स व अन्य सुविधा नहीं मिली। इसके अलावा इंस्टिट्यूट का पंजाब टेक्निकल यूनिवर्सिटी से कोई रजिस्ट्रेशन नहीं है। इंस्टिट्यूट धोखाधड़ी से संचालित किया जा रहा है। इंस्टीट्यूट की ओर से मेरी तरह अन्य स्टूडेंटस और कर्मचारियों के साथ भी धोखाधड़ी की गई। मामले में पुलिस ने धोखाधड़ी की धाराओं में FIR दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपियों को गिरफ्तार कर फरवरी 2012 को कोर्ट में चालान पेश किया था। मामले में कोर्ट में 14 गवाहों के बयान कराए गए, जिसके बाद आज सजा दी गई।