कोटा में रिटायर्ड रेलवे कर्मचारी के सूने मकान में बदमाशों ने सेंधमारी कर नकदी, जेवर और इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी कर लिया। घटना रेलवे कॉलोनी थाना क्षेत्र की है। चोर मकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे और गर्मी से राहत पाने के लिए पंखे चलाकर आराम से चोरी की घटना को अंजाम दिया। जाते समय भी वे पंखे चालू छोड़ गए। 20 दिन से खाली पड़ा था मकान पीड़ित दयाल बाबू ने बताया कि वह मूल रूप से गंगापुर के निवासी हैं और रंगपुर रोड स्थित महावीर कॉलोनी गली नंबर-1 में उनका मकान है। वह रेलवे वर्कशॉप से रिटायर्ड कर्मचारी हैं। बेटे की तबीयत खराब होने के कारण वह 6 अप्रैल को गंगापुर गए थे। पिछले करीब 20 दिनों से कोटा स्थित मकान बंद पड़ा था। 27 अप्रैल को पड़ोसी ने फोन कर मकान का ताला टूटा होने की सूचना दी। इस पर दयाल बाबू तुरंत कोटा पहुंचे। मौके पर देखा तो मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ था। घर के अंदर लाइट जल रही थी और पंखे चल रहे थे। घर का सामान बिखरा पड़ा था। 2 महीने की पेंशन भी ले गए चोर पीड़ित के अनुसार, कमरों में लगी दो एलईडी टीवी, म्यूजिक सिस्टम, सेटटॉप बॉक्स, मिक्सी और सूटकेस में रखी दो महीने की पेंशन के 60 हजार रुपए गायब थे। इसके अलावा पत्नी और बहू के चांदी के जेवर भी चोर ले गए। बदमाश ताला तोड़ने में इस्तेमाल की गई गेंती मौके पर ही छोड़ गए। रेलवे कॉलोनी थाना एएसआई बदन सिंह ने बताया कि मकान काफी समय से बंद था। पड़ोसी ने ताला टूटा होने की सूचना दी थी। परिवादी ने थाने पहुंचकर चोरी की जानकारी दी है। शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच की जाएगी।