कोटा में फ्री में सामान नहीं देने पर बदमाश ने दुकान पर हमला कर दिया। बदमाश ने अपने साथियों के साथ मिलकर दुकान में पत्थर फेंके। फिर मौके से फरार हो गया। वारदात से दुकान में सामान खरीदने आए ग्राहक दहशत में आ गए। घटना कुन्हाड़ी थाना क्षेत्र में बालिता रोड़ पर देर रात साढ़े 7 बजे के आसपास की है। पीड़ित दुकानदार ने इसकी शिकायत थाने में दी है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। दुकान में तोड़फोड़ की तस्वीर… पीड़ित दुकानदार गौरव ने बताया- उनकी बालिता रोड़ पर नमकीन मिठाई की दुकान है। काउंटर दुकान के बाहर लगा रखा है। गुरुवार रात साढ़े 7 बजे करीब दो कर्मचारियों के साथ दुकान में मौजूद था। ग्राहक सामान खरीदने आ रहे थे। उसी समय शराब के नशे में एक युवक आया। उसने फ्री में नमकीन मांगी, नहीं देने पर गाली गलौच की। जैसे तैसे उसको भगाया। करीब दो तीन मिनट बाद ही शराबी युवक दो-तीन साथियों के साथ वापस दुकान पर आ गया। उसके पास एक बड़ा पत्थर था। उसके साथियों के पास छोटे छोटे पत्थर थे। उन्होंने आते ही गाली गलौच शुरू कर दी। फिर पत्थर फेंके। घटना से दुकान में खड़े ग्राहक भी सकते में आ गए। बदमाशों ने पत्थर फेंक कर दुकान में तोड़फोड़ की। मिठाई काउंटर का शीशा तोड़ दिया। फिर मौके से फरार हो गए। इसकी शिकायत रात को ही थाने में दे दी। बदमाश सूरजमल माली व उसके साथियों के खिलाफ शिकायत दी है।