कोटा में पब्लिक ट्रांसपोर्ट को आधुनिक और पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। अगर तय योजना के अनुसार रहा तो मई से शहर की सड़कों पर ई-बसें दौड़ती नजर आएंगी, जिसके लिए सुभाष नगर में हाईटेक डिपो तैयार किया जा रहा है। इस नई व्यवस्था से यात्रियों को सुविधाजनक, सस्ता और स्मार्ट परिवहन सिस्टम मिलने की उम्मीद है। सुभाष नगर में बन रहे पीएम ई-बस डिपो का काम भी तेजी से हो रहा है। नगर निगम आयुक्त ओमप्रकाश मेहरा ने निर्माण स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों और एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी काम समयसीमा में और तेजी के साथ किए जाएं। मई में ई-बसें मिलने की संभावना आयुक्त मेहरा ने बताया कि राज्य सरकार से मई में ई-बसें मिलने की संभावना है। इन्हें खड़ा करने और चार्ज करने के लिए सुभाष नगर में आधुनिक डिपो तैयार किया जा रहा है, जिसे भी मई तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। गौरतलब है कि 16 मार्च को हुई पिछली समीक्षा बैठक में 15 अप्रैल तक सिविल कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए थे। पहले योजना थी कि सिविल कार्य पूरा होने के बाद चार्जिंग स्टेशन लगाया जाएगा, लेकिन अब रणनीति में बदलाव करते हुए दोनों काम एक साथ करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी स्तर पर देरी न हो और बसें आते ही संचालन शुरू किया जा सके। डिपो परिसर में कर्मचारियों के लिए मूलभूत सुविधाओं की कमी सामने आई। जरूरी सुविधाओं के निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश इंजीनियर रविंद्र कुमार सैनी ने बताया कि आयुक्त ने तुरंत सुलभ शौचालय सहित जरूरी सुविधाओं के निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए हैं। ई-बसों के शुरू होने से कोटा में न केवल प्रदूषण कम होगा, बल्कि यात्रियों को भी बेहतर, सस्ती और आरामदायक परिवहन सुविधा मिलेगी। यह पहल शहर को स्मार्ट सिटी की दिशा में एक मजबूत कदम साबित होगी।