राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा आज 5 अप्रैल से शुरू हो गई है। कोटा शहर में यह परीक्षा दो पारियों में आयोजित की जा रही है। पहली पारी सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक और दूसरी पारी दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। पहली पारी के लिए अभ्यर्थियों को सुबह 9 से 10 बजे तक प्रवेश दिया गया, जबकि दूसरी पारी के लिए एंट्री दोपहर 1 बजे से शुरू हुई। 2 दिन में 63 परीक्षा केंद्र 72000 से अधिक अभ्यर्थी शामिल इस भर्ती परीक्षा के लिए कोटा शहर में कुल 63 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। दो दिनों में करीब 72 हजार से अधिक अभ्यर्थियों के परीक्षा में शामिल होने का अनुमान है। रविवार को लगभग 37000 और सोमवार को भी इतनी ही संख्या में उम्मीदवार परीक्षा देंगे। बड़ी संख्या को देखते हुए प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आए। साल 2021 में सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा नकल और पेपर लीक के कारण रद्द होने के बाद इस बार सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। हर परीक्षा केंद्र पर कड़ी निगरानी, मेटल डिटेक्टर से जांच और वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई है। अभ्यर्थियों के जूते खुलवाएं चूड़ियां खुलवाई कोटा के उद्योग नगर थाना क्षेत्र स्थित इंदिरा गांधी सरकारी स्कूल परीक्षा केंद्र पर सख्ती साफ नजर आई। यहां अभ्यर्थियों को जूते पहनकर प्रवेश नहीं दिया गया और कई उम्मीदवारों को बाहर ही जूते उतारने पड़े। महिला अभ्यर्थियों से चूड़ियां, अंगूठियां, बिछिया और अन्य धातु की वस्तुएं उतरवाई गईं। यहां तक कि गले में पहने धागे भी बाहर रखवाए गए। किसी भी अभ्यर्थी या स्टाफ को मोबाइल फोन अंदर ले जाने की अनुमति नहीं दी गई। पुलिस का घेरा मजबूत 100 मीटर दूर पार्किंग दुकान बंद पुलिस ने परीक्षा केंद्र के आसपास सुरक्षा घेरा और मजबूत कर दिया। आसपास की सभी दुकानों को अस्थायी रूप से बंद करवाया गया, ताकि किसी भी तरह की भीड़ या अव्यवस्था न हो। परीक्षा केंद्र से 100 मीटर की दूरी पर ही बाइक और कार पार्किंग की व्यवस्था की गई। इसके अलावा परीक्षा केंद्र और प्रतीक्षा क्षेत्र के आसपास किसी भी व्यक्ति को रुकने या खड़े होने की अनुमति नहीं दी जा रही है। पुलिस लगातार गश्त कर स्थिति पर नजर बनाए हुए है, ताकि किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि को रोका जा सके। 2 से 3 मिनट की देरी से छूटा पेपर केशवपुरा से आया एक अभ्यर्थी बलवीर केवल 3 मिनट की देरी से पहुंचा, लेकिन गेट बंद होने के कारण उसे परीक्षा में शामिल नहीं होने दिया गया। बलवीर ने बताया कि सबसे पहले उसे यहां तक छोड़ने वाले युवक का इंतजार करने के लिए वह लेट हो गया। उद्योग नगर थाना अधिकारी जितेंद्र सिंह के अनुसार, सभी अभ्यर्थियों की दो लेयर में जांच की जा रही है, जिसमें पहचान पत्र और प्रवेश पत्र का मिलान भी शामिल है। परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए हर जरूरी कदम उठाया गया है।