कोटा में बुधवार रात करीब 9 बजे मौसम ने अचानक करवट ली। करीब 20 से 25 मिनट तक कई क्षेत्रों में तेज बारिश हुई। बूंदी रोड स्थित हरियाली मैरिज गार्डन में चल रहे शादी समारोह को अफरा-तफरी में बदल दिया। तेज आंधी और अंधड़ के कारण आयोजन स्थल पर टेंट, सजावट, खानपान और लाइट की पूरी व्यवस्था अस्त-व्यस्त हो गई। हालात ऐसे बन गए कि कई मेहमानों को बिना भोजन किए ही वापस लौटना पड़ा, जबकि मेजबान पूरी तरह बेबस नजर आए। समाजसेवी भुवनेश गुप्ता ने बताया- शादी समारोह में लगे टेंट उखड़ गए, लाइटिंग व्यवस्था ठप हो गई और भोजन सामग्री भी खराब हो गई। अचानक आई इस आपदा के चलते मेहमानों में भी हड़कंप मच गया। लोग अपनी सुरक्षा के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। आयोजकों ने हालात संभालने की कोशिश की, लेकिन तेज अंधड़ के सामने सारी व्यवस्थाएं नाकाफी साबित हुईं। इधर, गढ़ पैलेस के सामने करंट लगने से गाय के दो बछड़ों की मौत होने का मामला भी सामने आया है। अब देखिए, कोटा के मौसम से जुड़ी PHOTOS… ओलावृष्टि के साथ हुई बारिश शहर में भीषण गर्मी से लोग बेहाल हैं, जहां लगातार बढ़ते तापमान और तेज धूप के चलते आज दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। हालांकि, बुधवार दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली और आसमान में काले बादल छा गए। बादलों की गड़गड़ाहट के साथ शहर के कई इलाकों में कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश हुई, जबकि कुछ क्षेत्रों में चने के आकार के ओले भी गिरे। बारिश के बाद तापमान में गिरावट तो दर्ज की गई, लेकिन वातावरण में नमी बढ़ने से लोगों को उमस और चिपचिपाहट भरी गर्मी का सामना करना पड़ा। आगामी दिनों में भी बारिश की संभावना मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को कोटा का अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री और न्यूनतम 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले सोमवार को सीजन का सर्वाधिक 45.7 डिग्री और मंगलवार को 43.5 डिग्री तापमान रहा था। पिछले दो दिनों में पारे में करीब 4 डिग्री की गिरावट आने से आमजन को झुलसाने वाली गर्मी से कुछ राहत मिली है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना जताई है।