कोटा के थर्मल पावर प्लांट परिसर में देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब जंगल से निकलकर 3 से 4 भालू प्लांट के गेट नंबर 4 से अंदर घुस आए। हैरानी की बात यह रही कि गेट बंद होने के बावजूद भालू करीब 10 से 12 फीट ऊंचाई तक चढ़कर परिसर में घुस गए। प्लांट में ड्यूटी कर रहे कर्मचारियों ने भालुओं का वीडियो भी बनाया है। रात के समय परिसर में मौजूद कुत्तों के अचानक तेज भौंकने से कर्मचारियों को भालुओं की मौजूदगी का पता चला। इसके बाद कर्मचारियों में दहशत फैल गई और वे अपनी-अपनी यूनिट के अंदर ही दुबककर बैठ गए। काफी देर बाद जब भालू वापस जंगल की ओर लौटे, तब जाकर कर्मचारियों ने राहत की सांस ली। पहले भी घुसे थे भालू यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई बार भालू, लेपर्ड और अजगर जैसे जंगली जानवर थर्मल परिसर में देखे जा चुके हैं। हाल ही में 2-3 बार भालुओं ने कर्मचारियों पर हमला भी किया है। वहीं कुछ महीने पहले एक अजगर ने एक कर्मचारी को कुंडली बनाकर जकड़ लिया था, जिससे अफरा-तफरी मच गई थी। लगातार हो रहे जंगली जानवरों के मूवमेंट से प्लांट में काम करने वाले कर्मचारी दहशत में हैं। कर्मचारियों ने की गश्त बढ़ाने की मांग उन्होंने कई बार प्रशासन और वन विभाग से जानवरों को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ने की मांग की है। वन विभाग द्वारा भालुओं को पकड़ने के लिए पिंजरे भी लगाए गए थे, लेकिन थर्मल प्लांट के पास जंगल होने के कारण जानवर बार-बार यहां पहुंच जाते हैं। ऐसे में कर्मचारियों ने परिसर में पर्याप्त रोशनी और गस्त बढ़ाने की मांग की है।