कोटा में ट्रेलर और ट्रैक्टर ट्रॉली की जोरदार भिड़ंत के बाद ड्राइवर करीब आधे घंटे तक केबिन में फंसा रहा। मौके पर पहुंचे एक कॉन्स्टेबल ने साहस दिखाते हुए केबिन में घुसकर ड्राइवर को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे के बाद सड़क पर करीब एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। घटना कोटा झालावाड़ NH 52 पर सुबह करीब 7.30 बजे सुंदर चौक दरा जंगल की है। जहां हादसे की सूचना के बाद मौके पर कनवास और मोड़क थाना पुलिस पहुंची। रेस्क्यू के दौरान एक पुलिसकर्मी बीरबल केबिन में पहुंचा और कड़ी मशक्कत के बाद ड्राइवर को निकालकर अस्पताल पहुंचाया। पहले देखिए, घटना से जुड़ी ये PHOTO'S ट्रेलर लेकर झालावाड़ की तरफ जा रहा था रिजवान कनवास थाने के कॉन्स्टेबल बीरबल ने बताया कि सवाई माधोपुर निवासी रिजवान खाली ट्रेलर लेकर झालावाड़ की तरफ जा रहा था, जबकि सरसों के भूसे से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली कोटा की तरफ जा रही थी। दोनों के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर का ड्राइवर मौके से भाग गया। ट्रेलर ड्राइवर का पैर स्टेयरिंग के नीचे फंसा उन्होंने बताया कि इस दौरान ट्रेलर ड्राइवर रिजवान के पैर केबिन में स्टेयरिंग के नीचे फंस गए। मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। सूचना पर थाने से 5 लोगों का स्टाफ मौके पर पहुंचा तो देखा कि ड्राइवर केबिन में बुरी तरह से फंसा हुआ था। केबिन में घुसकर उसको निकाले की कोशिश की गई, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। करीब 15 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला बीरबल ने बताया कि केबिन का हिस्सा ड्राइवर के ऊपर आ गया था। मदद के लिए क्रेन मंगवाई गई। क्रेन की मदद से केबिन को खींचा गया। फिर उन्होंने अंदर घुसकर ड्राइवर को केबिन से बाहर निकाला। करीब 15 मिनट की मशक्क़त के ड्राइवर को बाहर निकाला जा सका। ड्राइवर के पैर पर गंभीर चोट लगी थी। उसे इलाज के लिए मण्डाना सीएचसी भिजवाया। हादसे के बाद दोनों तरफ वाहनों की लाइन लग गई। मौके पर 1 घंटे जाम की स्थिति रही। क्रेन की मदद से वाहन को साइड में करवाया।