कोटा से सांवलियाजी दर्शन के लिए जा रहे बाइक सवार पति-पत्नी की बाइक अनियंत्रित हो गई। इससे महिला सड़क पर सिर के बल गिर गई। घायल महिला को कोटा के मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। यह हादसा कोटा-उदयपुर हाईवे पर हुआ। महिला भगवती (26) कोटा के रोजड़ी की रहने वाली थी। डाबी थाना हेड कांस्टेबल कन्हैया ने बताया- भगवती (26) बारां के छीपाबड़ौद की रहने वाली थी। 2 महीने पहले ही उसकी शादी कोटा के रोजड़ी निवासी चंद्रकांत से हुई थी। शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे दोनों पति-पत्नी बाइक पर सवार होकर सांवलियाजी के दर्शन के लिए निकले थे। सुबह 7 बजे के आसपास NH-27 पर करौंदी गांव व धनेश्वर टोल के बीच उनकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया था। सड़क पर पड़ी ईंट से बिगड़ा संतुलन पीड़ित पति चंद्रकांत ने हादसे की वजह बताते हुए कहा कि सड़क पर एक ईंट पड़ी हुई थी। अचानक बाइक का टायर उस ईंट पर चढ़ गया, जिससे बाइक हल्की सी उछलकर अनियंत्रित (अनबैलेंस) हो गई। इसी दौरान पीछे बैठी भगवती चलती बाइक से नीचे गिर गई। सिर के बल सड़क पर गिरने के कारण भगवती के सिर में गंभीर चोटें आईं और उसके शरीर पर कई जगह खरोंचें भी आ गईं। परिजनों ने दी तहरीर, जांच में जुटी पुलिस हादसे के बाद परिजनों ने पुलिस को तहरीर (शिकायत) दी है। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि चंद्रकांत पढ़ाई करने के साथ-साथ अपने परिवार की मदद के लिए खेती-बाड़ी का काम भी करता है। महज 2 महीने पहले ही दोनों की शादी हुई थी।