कोटपूतली-बहरोड़ क्षेत्र में सोमवार शाम को मानसून की दूसरी बारिश हुई। इससे लोगों को पिछले चार दिनों से जारी उमस भरी गर्मी से राहत मिली। यह बारिश खरीफ की फसलों के लिए भी फायदेमंद मानी जा रही है। जिले में दर्ज की गई बारिश के आंकड़ों के अनुसार, विराटनगर में सर्वाधिक 72 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि बहरोड़ में सबसे कम 1 मिमी बारिश हुई। अन्य क्षेत्रों में कोटपूतली-बानसूर में 2 मिमी, नीमराना में 4 मिमी, पावटा में 25 मिमी और नारायणपुर में 8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट ली और आसमान में घने बादल छा गए, जिसके बाद बारिश शुरू हुई। करीब एक घंटे तक हुई इस बारिश के कारण बाजारों और सड़कों पर कुछ समय के लिए आवाजाही प्रभावित हुई। कोटपूतली-बहरोड़ कृषि उपनिदेशक डॉ. रामजी लाल यादव के अनुसार, आगामी दिनों में भी हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इससे क्षेत्र का तापमान सामान्य रहने की उम्मीद है।