राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) द्वारा आयोजित उपनिरीक्षक/प्लाटून कमांडर प्रतियोगी परीक्षा कोटपूतली-बहरोड़ जिला मुख्यालय पर आज 5 अप्रैल को शुरू हुई। यह परीक्षा दो दिन5-6 अप्रैल को दो पारियों में आयोजित की जा रही है। पहली पारी में सामान्य हिंदी का पेपर सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक होगा, जबकि दूसरी पारी में सामान्य ज्ञान व सामान्य विज्ञान का पेपर दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित किया जाएगा। प्रत्येक पारी में 7800 अभ्यर्थी परीक्षा दे रहे हैं। प्रत्येक अभ्यर्थी दोनों पारियों में शामिल होगा। 23 एग्जाम सेंटर बनाए जिले में कुल 23 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 12 सरकारी और 11 निजी केंद्र शामिल हैं। परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक व्यवस्थाएं की हैं। परीक्षार्थियों को मेटल डिटेक्टर सहित विभिन्न तरीकों से जांच के बाद ही केंद्रों में प्रवेश दिया जा रहा है। पारदर्शी परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष कार्य समूह (SOG) ने कड़ी निगरानी व्यवस्था लागू की है। परीक्षा के दौरान ब्लूटूथ और अन्य इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों से नकल रोकने के लिए पहली बार बड़े पैमाने पर तकनीकी निगरानी की जा रही है। इसके तहत सभी जिलों में परीक्षा केंद्रों के आसपास के मोबाइल टावरों का टावर डंप डेटा भी प्राप्त किया जाएगा। चीटिंग की सूचना पर इनाम इस बार की परीक्षा की एक खास बात यह है कि SOG ने पेपर लीक, ब्लूटूथ से नकल, डमी कैंडिडेट या किसी भी प्रकार की अनियमितता की सही सूचना देने वाले को एक लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। SOG ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की निष्पक्षता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर दो वीडियोग्राफर भी लगाए गए हैं, ताकि पूरी परीक्षा प्रक्रिया की रिकॉर्डिंग की जा सके। परीक्षा दिवस पर प्रश्नपत्रों का वितरण समय से पहले किया जाएगा। परीक्षा समाप्त होने के बाद सभी सामग्री को कोष कार्यालय में जमा कराया जाएगा, जिसे बाद में कोष कार्यालय की टीम द्वारा राजस्थान लोक सेवा आयोग कार्यालय में जमा किया जाएगा।