कोटपूतली में 'अष्टम पोषण पखवाड़ा' का शुक्रवार को पोषण मेले के साथ समापन हो गया। इस अवसर पर कलेक्टर अपर्णा गुप्ता ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मियों को सम्मानित किया। पखवाड़े का मुख्य विषय "जीवन के प्रथम 6 सालों में अधिकतम मस्तिष्क विकास" था। समापन कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कलेक्टर अपर्णा गुप्ता ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा लगाई गई व्यंजन प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने स्थानीय पोषक तत्वों से भरपूर खाद्य पदार्थों की सराहना की और पखवाड़े के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और मानदेय कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। अपने संबोधन में कलेक्टर ने मानदेय कर्मियों के विभागीय और जनकल्याणकारी कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि बच्चों के शुरुआती सालों में सही पोषण ही उनके बेहतर भविष्य की नींव है। कलेक्टर ने कर्मियों को भविष्य में और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। महिला और बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार 9 से 23 अप्रैल तक आयोजित इस पखवाड़े के दौरान जिला, ब्लॉक, पंचायत और आंगनबाड़ी स्तर पर कुल छह विभिन्न थीमों पर आधारित स्वास्थ्य पोषण संबंधी विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन सभी कार्यक्रमों की प्रविष्टि जनआंदोलन डैशबोर्ड पर भी की गई। कार्यक्रम में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से 14 से 15 साल की बालिकाओं में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम हेतु एचपीवी (HPV) टीकाकरण के प्रति जागरूकता फैलाई गई और इस संबंध में शपथ भी दिलाई गई। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग के उपनिदेशक सतपाल यादव, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष सिंह, आरसीएचओ डॉ. अरविंद अग्रवाल, बाल विकास परियोजना अधिकारी सुधीर कुमार व संगीता कुमारी सहित जिले की सभी महिला पर्यवेक्षक उपस्थित रहीं।