जयपुर-दिल्ली नेशनल हाईवे-48 पर स्लीपर बस खड़े ट्रेलर में घुस गई। हादसे में महिला यात्री और बस ड्राइवर की मौत हो गई। 16 यात्री घायल हो गए। हादसा कोटपूतली के बीडीएम हॉस्पिटल के सामने पुल पर बुधवार रात 11ः26 बजे हुआ। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। लोगों ने तुरंत एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी। बस के दूसरे ड्राइवर ओमप्रकाश ने बताया- बस मकराना से हरिद्वार जा रही थी। बस में करीब 22 सवारी थी। कोटपूतली बीडीएम हॉस्पिटल के सामने पहुंचे तो हाईवे पर ट्रेलर खड़ा हुआ था। ट्रेलर ड्राइवर ने न पार्किंग का बोर्ड लगाया हुआ था, न इंडिकेटर दिए हुए थे। फ्लाईओवर चढ़ते ही बस खड़े ट्रेलर में घुस गई। ट्रेलर में रखे सरिए बस के केबिन को चीरते हुए अंदर तक आ गए। कोटपूतली एसएचओ राजेश शर्मा ने बताया- क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त ट्रेलर और बस को साइड में करवा कर ट्रैफिक सुचारू करवाया। ट्रेलर ड्राइवर मौके से फरार हो गया। रिपोर्ट देने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पहले देखिए हादसे से जुड़ी PHOTOS… लोगों ने यात्रियों को बस से बाहर निकाला तेज आवाज और चीख-पुकार सुन आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों की मदद से यात्रियों को बाहर निकाला गया। बस इतनी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी कि कई यात्री उसमें फंसे रह गए। सूचना मिलते ही कोटपूतली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। राहत और बचाव कार्य शुरू किया। हादसे के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर ट्रैफिक भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने सुचारू करवाया। हादसे में नागौर के लाड़ौली गांव निवासी ड्राइवर चंद्रमोहन (55) और यात्री बिच्चू देवी की मौत हो गई। घायलों को राजकीय बीडीएम हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक इलाज के बाद सभी को छुट्टी दे दी गई।