कोटपूतली में सफाई व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। नगर परिषद की कथित लापरवाही के कारण मुख्य सड़कों पर नालियों का गंदा पानी भर रहा है, जिससे आमजन को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। इस स्थिति से स्वास्थ्य संबंधी खतरे भी बढ़ गए हैं। सड़कों पर बह रहा नालों का पानी भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष प्रवीण कुमार बंसल ने बताया- श्रीराम भवन और कस्बे के सबसे बड़े राजकीय सरदार उच्च माध्यमिक विद्यालय के पास स्थित नालों में भारी गंदगी जमा है। जगह-जगह टूटी हुई नालियों के कारण गंदे नालों का पानी लगातार सड़कों पर बह रहा है। नगर परिषद के ज्ञापन देने के बावजूद नहीं हुआ समाधान इसी तरह, कस्बे के आदर्श नगर टेलीफोन एक्सचेंज रोड पर भी नालियां ओवरफ्लो होने से गंदा पानी आम रास्ते पर बह रहा है, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी हो रही है। पूर्व चेयरमैन व भाजपा नेता एडवोकेट महेंद्र कुमार सैनी ने इस संबंध में पूर्व में नगर परिषद आयुक्त अरुण कुमार शर्मा को ज्ञापन भी सौंपा था, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। पूर्व पार्षद प्रतिनिधि अनिल शरण बंसल ने बताया- वार्ड नंबर 19 और नगर परिषद पार्क के पीछे नालियों में बदबूदार गंदा पानी भरा हुआ है। हल्की बारिश में भी यह पानी सड़कों पर आ जाता है। वार्ड नंबर 18 के पूर्व पार्षद प्रमोद गुरुजी ने आरोप लगाया है कि सफाई ठेकेदार के पास टेंडर के अनुसार आवश्यक संसाधन उपलब्ध नहीं हैं। वार्ड नंबर 18 के निवासी अरविंद वर्मा ने भी व्यक्तिगत रूप से नगर परिषद आयुक्त से मिलकर शिकायत दर्ज कराई थी। भाजपा नगर कोषाध्यक्ष एडवोकेट अभिषेक मोरीजावाला ने जानकारी दी कि वार्ड नंबर 20 में सड़क पर कचरे का ढेर लगा रहता है और नालियों में गंदा पानी भरा रहता है। उन्होंने बताया कि सफाई के लिए कोई भी सफाईकर्मी नहीं आता है। लोगों ने धरना प्रदर्शन की दी चेतावनी स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने नगर परिषद प्रशासन से जल्द प्रभावी कार्यवाही करते हुए नालियों की सफाई, मरम्मत और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि कस्बावासियों को राहत मिल सके। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो उन्हें मजबूरन धरने पर बैठना पड़ेगा।