कोटपूतली क्षेत्र में भीषण गर्मी और लू के बीच बुधवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली। तेज हवाओं, बिजली की गड़गड़ाहट और बूंदाबांदी ने लोगों को राहत पहुंचाई। लंबे समय से पड़ रही तेज गर्मी के बाद मौसम में आए इस बदलाव से लोगों ने राहत की सांस ली। स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह करीब 5 बजे से हल्की बारिश शुरू हुई, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में घने बादल छा गए। बीते कई दिनों से हालात ऐसे थे कि सुबह 8 बजे के बाद ही सड़कें सुनसान हो जाती थीं। गर्म हवाओं और तेज धूप के कारण लोग घरों में रहने को मजबूर थे। प्रशासन ने जारी की सुरक्षा सलाह खराब मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने, बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखने और पुराने पेड़ों के नीचे खड़े नहीं होने की सलाह दी गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राजस्थान के कई जिलों के लिए मौसम अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार 29 और 30 अप्रैल के दौरान प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाएं और धूल भरी आंधी चलने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक इन दिनों हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। पूर्वी राजस्थान में बारिश और बिजली गिरने की गतिविधियां ज्यादा रहने के आसार हैं, जबकि पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में भी मौसम बदल सकता है।