मंगलवार सुबह पावटा में 3 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। सामान्य से अधिक ठंडे मौसम और अचानक बदले मिजाज ने रबी फसलों को खतरे में डाल दिया है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण अप्रैल के पहले सप्ताह में लगातार बारिश, आंधी और ओलावृष्टि हो रही है। कोटपूतली क्षेत्र में पककर तैयार खड़ी गेहूं की फसल के लिए यह बारिश और तेज हवाएं बेहद नुकसानदेह साबित हो रही हैं। दो दिन पहले हुई ओलावृष्टि से कई खेतों में फसलें बिछ गई हैं। किसान अपनी तैयार फसल काटने और उन्हें मंडियों तक पहुंचाने में भारी कठिनाई का सामना कर रहे हैं। इस बेमौसम बारिश ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया है।