उदयपुर जिले में जैन मंदिर से अष्ट धातु की बनी तीन प्रतिमाएं सहित चांदी के छत्र चोरों ने चोरी कर लिए। कोटड़ा थाना क्षेत्र स्थित संभवनाथ जैन मंदिर में शनिवार रात को यह वारदात हुई। चोर मंदिर से चांदी के छत्र, सिंहासन, भमंडल और दानपात्र से नकद राशि सहित अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। समाज के भूपेंद्र जैन रविवार सुबह पूजा के लिए जब मंदिर पहुंचे तो मंदिर की कुंदी टूटी देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल का जायजा लिया। मंदिर में सीसीटीवी नहीं था। ऐसे में पुलिस मंदिर आने वाले रास्तों के आसपास सीसीटीवी खंगालते हुए चोरों की तलाश में जुटी है। आदिनाथ, पारसनाथ और पद्मावती माताजी की प्रतिमा चोरी प्रार्थी कोटड़ा जैन समाज के अध्यक्ष कल्पेश कोठारी ने रविवार को कोटड़ा थाने में चोरी का मुकदमा दर्ज कराया। उन्होंने शिकायत में बताया- प्रजापत मोहल्ला स्थित मंदिर में चोर तीन अष्टधातु की प्रतिमा चुरा ले गए। इनमें आदिनाथ, पारसनाथ और पद्मावती माताजी की प्रतिमा थी। चांदी के दो छत्र, भमंडल, सिंहासन और दानपात्र से 10 हजार रुपए चोर चुरा ले गए। रविवार सुबह करीब 5:30 बजे जब समाज के भूपेंद्र जैन मंदिर पूजा करने पहुंचे तो उन्हें मैन गेट की कुंदी टूटी हुई मिली। अंदर जाकर देखा तो प्रतिमाएं गायब थीं। प्रार्थी ने पुलिस प्रशासन से रात में प्रभावी गश्त बढ़ाने और चोरों को जल्द पकड़ने की मांग की है। इनपुट: देवाराम सेन, कोटड़ा