डीग जिले के कुम्हेर कस्बे में धनवाड़ा चौराहे के पास एक चलती बाइक में अचानक आग लग गई। घटना के दौरान बाइक सवार ने सूझबूझ दिखाते हुए कूदकर अपनी जान बचाई, लेकिन बाइक पूरी तरह जलकर राख हो गई। यह घटना उस समय हुई जब युवक बाजार क्षेत्र से गुजर रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक अपनी बाइक से बाजार क्षेत्र से गुजर रहा था। तभी अचानक बाइक में आग की लपटें उठने लगीं। आग लगते ही युवक ने तुरंत बाइक रोकी और खुद को सुरक्षित करते हुए उससे दूर हट गया। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी बाइक धू-धू कर जलने लगी। हैरानी की बात यह रही कि घटना स्थल पर मौजूद लोग आग बुझाने की कोशिश करने के बजाय तमाशबीन बने रहे। किसी ने भी तुरंत आग पर काबू पाने के लिए पहल नहीं की। बाद में स्थानीय लोगों ने पानी और अन्य साधनों से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और बाइक पूरी तरह जल चुकी थी। बताया जा रहा है कि पीड़ित युवक आजऊ गांव का निवासी है। घटना के बाद वह मायूस होकर बिना बाइक के ही अपने घर लौट गया। इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।