डूंगरपुर के नेजपुर गांव में सोमनाथ महादेव और हनुमान मंदिर के जीर्णोद्धार के बाद प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव 2 और 3 मई को आयोजित होगा। इस आयोजन की तैयारियां नेजपुर की कुवैत कमेटी और स्थानीय ग्रामीणों द्वारा की जा रही हैं। कार्यक्रम में प्रदेश के कानून मंत्री जोगाराम पटेल सहित कई विधायकों के शामिल होने की संभावना है। मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कमेटी के सुनील पटेल सन्नाटा और कुवैत कमेटी के कांतिलाल पाटीदार व गजेंद्र पाटीदार ने बताया कि गांव में भगवान सोमनाथ महादेव और हनुमानजी का एक ऐतिहासिक मंदिर था। यह मंदिर पुराना होने के कारण जीर्ण-शीर्ण अवस्था में पहुंच गया था। करीब नौ साल पहले कुवैत में कार्यरत गांव के युवाओं ने मंदिर के जीर्णोद्धार की योजना बनाई। इन युवाओं ने अपनी कमाई का एक हिस्सा मंदिर के लिए इकट्ठा करना शुरू किया। नौ वर्षों में उन्होंने 15 लाख रुपए से अधिक का फंड जुटाया। फंड इकट्ठा होने के बाद मंदिर के निर्माण कार्य की नींव रखी गई। अब जीर्णोद्धार का कार्य पूरा हो चुका है और मंदिर अपने नए स्वरूप में तैयार है। दो दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के तहत 2 मई को पहले दिन मंदिर में पूजा-अर्चना के आयोजन होंगे। इसके बाद शाम को मूर्तियों की शोभायात्रा निकाली जाएगी और रात में भजन-कीर्तन का कार्यक्रम होगा। अगले दिन 3 मई को मंदिर पर शिखर प्रतिष्ठा के साथ पूर्णाहुति और महाप्रसाद का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर कमेटी के मुकेश पाटीदार, रमेश पाटीदार, रामलाल पाटीदार, चिराग पाटीदार, मनोज पाटीदार, सुशील पाटीदार, प्रिंस पाटीदार, जितेंद्र पाटीदार सहित कई पदाधिकारी तैयारियों में जुटे हुए हैं।