ट्रक, डंपर और बस की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई। मृ़तक ट्रक ड्राइवर था, जो हादसे के बाद सड़क पर गिर गया। मामला डीडवाना-कुचामन जिले के लाडनूं में निम्बी जोधा रोड (नेशनल हाईवे-58) का है। इस हादसे में ट्रक ड्राइवर का साथी घायल हो गया। वहीं डंपर ड्राइवर मौके से फरार हो गया। ऐसे हुआ हादसा जानकारी के अनुसार सुजानगढ की तरफ से नागौर जा रहा डंपर ओवरटेक के चक्कर मे जोधपुर से हरिद्वार जा रहे मुर्गी दाना से भरे ट्रक से भिड़ गया। इसे दौरान सुजानगढ़ की तरफ से आ रही बस ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। हादसे में ट्रक ड्राइवर की मौक़े पर ही मौत हो गई।जबकि ट्रक का सहायक घायल हो गया। हादसे मे ट्रक ड्राइवर उत्तराखंड के रुडकी निवासी जमशेद भगवानपुरा की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक के सहायक को मामूली चोट आई है। बस में करीब 20 से अधिक सवारियां थी। टक्कर के बाद बस के इंजन मे आग लग गई। चीख-पुकार मच गई। फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि सहायक के अलावा कोई सवारी घायल नहीं हुई। डंपर छोडकर भागा ड्राइवर हादसे के बाद डंपर ड्राइवर गाड़ी मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर लाडनूं थाना पुलिस पहुंची और तीनों वाहनों को सड़क किनारे करवाया। मृतक का शव लाडनूं अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। लाडनूं थानाधिकारी राजेश कुमार सियाग ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मृतक के परिजनो के पहुंचने पर शव का पोस्टमार्टम करवाकर सुपुर्द किया जाएगा।