डीडवाना क्षेत्र के ललासरी गांव में गुरुवार को एक युवा किसान की पानी के टांके में गिरने से मौत हो गई। इस घटना से गांव में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार ललासरी निवासी जगदीश (30) पुत्र भगवाना राम का पैर अचानक फिसलने वह पानी से भरे टांके में गिर गया। घटना का पता चलते ही परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने जगदीश को तत्काल टांके से बाहर निकाला और उपचार के लिए डीडवाना के राजकीय बांगड़ जिला अस्पताल ले गए। अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद जगदीश को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर बांगड़ अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद, परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। युवा किसान की असामयिक मौत से ललासरी गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है।