कोटा के मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल और जेके लोन हॉस्पिटल में प्रसूताओं की मौत के बाद प्रभावित परिवारों को आर्थिक संबल देने के लिए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला आगे आए। उन्होंने आज सामाजिक सहयोग से मृतक पांच प्रसूताओं के परिजनों को 5-5 लाख रुपए की सहायता राशि के चेक सौंपे। इस दौरान उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार और समाज दोनों मिलकर इन परिवारों के साथ खड़े रहेंगे। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि जिन माताओं का निधन हुआ है, उनके पीछे छोटे-छोटे बच्चे और परिवार हैं, जिनके सामने पालन-पोषण और भविष्य की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। ऐसे कठिन समय में समाज का दायित्व है कि वह इन परिवारों का सहारा बने। उन्होंने बताया कि सभी बच्चों को पालनहार योजना का लाभ दिलाया जाएगा और परिवार के योग्य सदस्यों को रोजगार उपलब्ध कराने के प्रयास भी किए जाएंगे, ताकि उन्हें लंबे समय तक आर्थिक और सामाजिक संबल मिल सके। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा, परवरिश और भविष्य सुरक्षित रहे, इसके लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा। "मां की कमी कोई पूरी नहीं कर सकता, लेकिन समाज और सरकार मिलकर परिवार को अकेला नहीं छोड़ेंगे। यह हमारा नैतिक दायित्व है कि हम उनके दुख में सहभागी बनें और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर दें। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में प्रसूताओं की मौत के मामले पर ओम बिरला ने कहा कि पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि एम्स दिल्ली और जयपुर के विशेषज्ञों की टीम जांच में जुटी हुई है। जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस दुखद घटना से सबक लेते हुए भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत किया जाएगा। साथ ही उन्होंने दोहराया कि प्रभावित परिवारों को हर स्तर पर सरकारी और सामाजिक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।