जोधपुर पुलिस ने नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। घर में कूलर के अंदर 865 ग्राम अवैध अफीम का दूध छुपा कर रखा था। लूणी थाना पुलिस ने ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत यह कार्रवाई की है। पुलिस को तस्कर से पूछताछ में खुलासे की उम्मीद है। पुलिस को मिली सूचना के आधार पर लूणी थानाधिकारी सुरेश चौधरी जाब्ता एवं डीएसटी जोधपुर पश्चिम प्रभारी महेन्द्र सिंह की टीम हेमजी की ढाणी, हमीरनगर क्षेत्र में मदनलाल के मकान पर पहुंची। वहां एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर पूछताछ की गई, जिसने अपना नाम गोरधनराम (45) पुत्र देदाराम बिश्नोई बताया। पुलिस ने मकान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान एक कमरे में रखे लोहे के कूलर के अंदर छिपाकर रखा गया स्टील का टिफिन बॉक्स मिला। बॉक्स खोलने पर उसमें अवैध अफीम का दूध पाया गया। अफीम के दूध को जब्त कर प्लास्टिक थैली में डालकर वजन किया गया, जिसका कुल वजन 865 ग्राम निकला। मध्यप्रदेश से खरीदा अफीम का दूध प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी गोरधनराम ने बताया कि उसने यह अफीम का दूध कानसिंह पुत्र रतनसिंह निवासी दीपाखेड़ी, नीमच (मध्यप्रदेश) से खरीदा था। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी से पूछताछ जारी है।