हरियाणा के महेंद्रगढ़ में जिले में पुलिस ने अपराधियों और भगोड़ों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। थाना शहर कनीना की पुलिस टीम ने राजस्थान के सूरजगढ़ थाने में दर्ज एक पुराने लूट मामले में फरार चल रहे उद्घोषित अपराधी (पीओ) मनजीत निवासी उन्हाणी को गिरफ्तार किया है। मनजीत कनीना थाने का हिस्ट्रीशीटर भी है। आरोपी मनजीत के खिलाफ विभिन्न थानों में हत्या, लूट, मारपीट, लड़ाई-झगड़े और आर्म्स एक्ट सहित करीब 16 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पूछताछ के बाद राजस्थान पुलिस को सौंपा आोरपी साल 2009 में राजस्थान के झुंझुनू जिले के थाना सूरजगढ़ में दर्ज लूट और मारपीट के एक मामले में लंबे समय से उद्घोषित अपराधी था। गिरफ्तारी के बाद मनजीत को गहन पूछताछ के लिए थाना शहर कनीना लाया गया। आवश्यक पूछताछ और कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद, आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए थाना सूरजगढ़ (राजस्थान) की पुलिस टीम को सौंप दिया गया है। जिला पुलिस अपराधियों, भगोड़ों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है।