खोह नागोरियान के करीम नगर में 9 जून को अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट और आगजनी में आठ लोगों की जिंदा जलकर मौत के मामले में पुलिस ने 26 दिन बाद मुख्य आरोपी फिरोज को उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया है कि अवैध पटाखा फैक्ट्रियों के लिए विस्फोटक सामग्री का कच्चा माल दिल्ली और गाजियाबाद से मंगाया जाता था। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर पूरे सप्लाई नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। एसीपी मालवीय नगर विनोद शर्मा के सुपरविजन में खोह नागोरियान थानाधिकारी प्रकाशराम के नेतृत्व में करीब 25 पुलिसकर्मियों की टीम कार्रवाई कर रही है। पुलिस के अनुसार, 12 जून को दर्ज विस्फोटक अधिनियम के मामले में वांछित मुख्य आरोपी फिरोज (33) निवासी गाजियाबाद को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि वह दिल्ली और गाजियाबाद से पटाखे व विस्फोटक सामग्री तैयार करने के लिए कच्चा माल मंगवाता था। इसके बाद खोह नागोरियान क्षेत्र की अवैध फैक्ट्रियों में विस्फोटक सामग्री और पटाखों का निर्माण कराया जाता था। अवैध फैक्ट्रियां चिन्हित कर रही पुलिस थानाधिकारी प्रकाशराम के नेतृत्व में विशेष टीम खोह नागोरियान क्षेत्र में लगातार डोर-टू-डोर सर्वे और सर्च अभियान चला रही है। अभियान के दौरान अवैध पटाखा फैक्ट्रियों और अन्य अवैध कारोबारों को चिन्हित कर कार्रवाई की जा रही है। स्थानीय लोगों से भी ऐसे अवैध कारोबार की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है। 1996 से अपराध कर रहा कयूम, 11 मुकदमे खोह नागोरियान थाना पुलिस के अनुसार गिरफ्तार हिस्ट्रीशीटर कयूम खान के खिलाफ पहला आपराधिक मामला वर्ष 1996 में दर्ज हुआ था। इसके बाद उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में कुल 11 मामले दर्ज हुए। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार वह लंबे समय से क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय रहा है। 11 जून को दर्ज दूसरे मामले में उसे केंद्रीय कारागार जयपुर से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया गया।