डूंगरपुर| राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड, जिला मुख्यालय की ओर से आयोजित फ्लॉक लीडर गाइड कैप्टन बेसिक कोर्स में मंगलवार को मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी नवीनचंद मीणा ने शिविर का निरीक्षण कर प्रशिक्षणार्थियों की गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रही शिक्षिकाओं से कहा कि स्काउट-गाइड गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास संभव है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में विविध गतिविधियां आयोजित कर शिक्षक विद्यार्थियों को हर क्षेत्र में दक्ष बना सकते हैं। सीडीईओ ने स्काउटिंग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह न केवल जीवन कौशल सिखाती है, बल्कि अभावों में जीना और विपरीत परिस्थितियों का सामना करना भी सिखाती है, जो विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है। शिविर में सीओ स्काउट भाविक सुथार, कैलाश शर्मा व अंजना शर्मा राज्य मुख्यालय के निर्देशानुसार प्रशिक्षण का संचालन कर रहे हैं। स्टाफ में सुशीला डामोर, प्रियंका कटारा, ख्याति जैन, राधिका पंडोर, कविता आर्या, कमला खांट, पुष्पेंद्र सिंह सिसोदिया उपस्थित रहे।