चित्तौड़गढ़-उदयपुर नेशनल हाईवे पर स्थित होटल शिव कृपा जम्मू हरियाणा हिमाचल पंजाबी ढाबा में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 41.02 ग्राम अफीम और 267 ग्राम डोडा चूरा बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने (51) आरोपी देवीलाल पुत्र कालू लाल अहीर निवासी नंगाखेड़ा को मौके से गिरफ्तार किया है। थाना मंगलवाड़ पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि ढाबे में अवैध मादक पदार्थ रखकर बेचे जा रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना अधिकारी भगवान लाल अपनी टीम और डॉग स्क्वॉड के साथ मौके पर पहुंचे और ढाबे की घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की। काउंटर के नीचे छिपाकर रखी थी अफीम, थैलियों में मिला डोडा चूरा पुलिस ने ढाबे में मौजूद व्यक्ति से पूछताछ की तो उसने खुद को मालिक बताते हुए अपना नाम देवीलाल बताया। इसके बाद पुलिस ने डॉग स्क्वॉड की मदद से पूरे ढाबे की तलाशी ली। तलाशी के दौरान काउंटर के नीचे चार पारदर्शी प्लास्टिक की डिब्बियां मिलीं, जिनमें अफीम रखी हुई थी। इसके अलावा दो काले रंग की प्लास्टिक की थैलियों में डोडा चूरा मिला। पुलिस ने आरोपी से इन मादक पदार्थों के संबंध में कोई लाइसेंस या डॉक्यूमेंट्स मांगा, लेकिन वह कुछ भी पेश नहीं कर पाया, जिसके बाद मादक पदार्थों को जब्त कर लिया गया। पुड़ियों में बेचता था नशा, मांग बढ़ने पर शुरू किया अवैध कारोबार थानाधिकारी भगवान लाल ने बताया कि आरोपी ढाबे पर आने वाले लोगों को छोटी-छोटी पुड़ियों में अफीम और डोडा चूरा बेचता था। ढाबे पर आने वाले कुछ लोग इसकी मांग करते थे, जिसके चलते उसने इस अवैध कारोबार को शुरू कर दिया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी यह मादक पदार्थ कहां से लाता था और किन लोगों को सप्लाई करता था।