गुजरात के सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के तहत चित्तौड़गढ़ में भी आयोजन होंगे। जिले की राशमी तहसील स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल मातृकुंडिया के मंगलेश्वर महादेव मंदिर में 11 मई को विशेष प्रोग्राम आयोजित होंगे। इन आयोजनों की जिम्मेदारी देवस्थान विभाग को दी गई है। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई है और मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया जाएगा। इसके साथ ही सोमनाथ मंदिर में होने वाले इवेंट को जिले के लोग लाइव भी देख सकेंगे। सुबह से शुरू होंगे पूजन और रुद्राभिषेक के कार्यक्रम देवस्थान विभाग के निरीक्षक रमेश चंद्र जैन ने बताया कि उदयपुर खंड के निर्देशन में दिनभर धार्मिक प्रोग्राम आयोजित किए जाएंगे। सुबह 9 बजे से कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। मंदिर में विशेष श्रृंगार पूजन किया जाएगा और पांच पंडितों द्वारा रुद्राभिषेक कराया जाएगा। इसके बाद विधिवत पूजा-अर्चना होगी। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था, पूजन सामग्री, बिछावट, माइक और साउंड सिस्टम सहित अन्य व्यवस्थाएं विभाग द्वारा की जाएंगी। श्रद्धालुओं को प्रसाद भी वितरित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। सोमनाथ मंदिर के कार्यक्रम का होगा सीधा प्रसारण मातृकुंडिया में आने वाले श्रद्धालु गुजरात स्थित सोमनाथ मंदिर में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी देख सकेंगे। इसके लिए मंदिर परिसर में एलईडी टीवी लगाई जाएगी। एलईडी स्क्रीन पर सोमनाथ मंदिर में होने वाले पूजन, दर्शन और वहां पहुंचने वाले अतिथियों का लाइव प्रसारण दिखाया जाएगा। इसके साथ ही चित्तौड़गढ़ में भी शिवालयों से जुड़ी परिचर्चा और संगोष्ठी आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम में 12 ज्योतिर्लिंगों की जानकारी दी जाएगी और “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व : 1000 साल की अखंड आस्था” विषय पर चर्चा होगी। शाम को भजन, आरती और प्रसाद वितरण का होगा आयोजन दिनभर धार्मिक आयोजनों के बाद शाम को भजन संध्या और सामूहिक आरती का आयोजन किया जाएगा। श्रद्धालु भक्ति गीतों और भजनों का आनंद लेंगे। इसके बाद प्रसाद वितरण किया जाएगा। देवस्थान विभाग का कहना है कि इस आयोजन का उद्देश्य लोगों को भारतीय संस्कृति, आस्था और सोमनाथ मंदिर के ऐतिहासिक महत्व से जोड़ना है। मातृकुंडिया में होने वाला यह कार्यक्रम धार्मिक माहौल के साथ श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण का केंद्र रहेगा।