धौलपुर जिले के मनियां कस्बे में शनिवार को हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। श्री हनुमान जन्मोत्सव कमेटी द्वारा आयोजित इस यात्रा में पूरा कस्बा भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। कार्यक्रम की शुरुआत मंदिर के पुजारी और कमेटी सदस्यों द्वारा भगवान हनुमान की पूजा-अर्चना के साथ हुई। कमेटी के अध्यक्ष विजेंद्र सोनी उर्फ चुन्नू सोनी ने शोभायात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। शोभायात्रा में 41 झांकियां और 15 बैंड-बाजे शामिल थे। भक्तजन भजनों पर नृत्य करते हुए पूरे कस्बे में निकले। यात्रा थाने के पीछे स्थित गोविंद बगीची हनुमान मंदिर से शुरू होकर मुख्य मार्ग, बर मोहल्ला, अंबेडकर पार्क, जीटी रोड, मांगरोल रोड, मैन बाजार और नेहरू पार्क होते हुए पुनः हनुमान मंदिर पर समाप्त हुई। कमेटी सदस्यों के अनुसार, शोभायात्रा में हिंदू-मुस्लिम सहित सभी धर्मों के लोगों ने हिस्सा लिया। विभिन्न समाजों द्वारा जगह-जगह शोभायात्रा का स्वागत किया गया। मुस्लिम समाज के लोगों ने विशेष रूप से पुष्पवर्षा कर और कोल्ड ड्रिंक वितरित कर सद्भाव का संदेश दिया। भामाशाहों द्वारा साफा, पूरी-सब्जी, ठंडाई और बूंदी जैसे प्रसाद की व्यवस्था की गई थी। पूरे कस्बे को भगवा पताकाओं और झालरों से सजाया गया था। शोभायात्रा में आगरा, मुरैना, मैनपुरी, एटा और धौलपुर सहित विभिन्न स्थानों से आए कलाकारों और बैंड-बाजों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम का संचालन सुरेंद्र शर्मा ने किया। इस अवसर पर कमेटी के पदाधिकारी, श्रद्धालु और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।