बूंदी जिले के नैनवां उपखंड स्थित मानपुरा गांव में एक बुजुर्ग महिला के अंतिम संस्कार के दौरान ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। नवसृजित ग्राम पंचायत मानपुरा सेकंड के इस गांव में मथुरा देवी की शवयात्रा को मुक्तिधाम तक ले जाने वाला मार्ग कच्चा और कीचड़ भरा होने के कारण लोगों को काफी कठिनाई हुई। ग्रामीणों ने बताया कि श्मशान मार्ग को पक्का करने की मांग वे लंबे समय से कर रहे हैं। खासपुरिया ग्राम सेवा सहकारी समिति के अध्यक्ष महेंद्र कुमार नागर, धनराज नागर और संजय नागर सहित कई ग्रामीणों ने इस समस्या को लेकर प्रशासन को कई बार अवगत कराया है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र मुक्तिधाम मार्ग का निर्माण कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं की गई, तो वे आंदोलन करने पर मजबूर होंगे। समस्या के समाधान में लगातार हो रही देरी से ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है।