पंचायत राज चुनावों को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क है। भरतपुर रेंज आईजी प्रीति चंद्रा ने गुरुवार को मासलपुर क्षेत्र के चैनपुर, सीलौती और जमूरा गांवों में मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मतदान केन्द्रों पर जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान आईजी ने मतदान केन्द्रों पर सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कमियां दूर कर व्यवस्थाएं ठीक करने के निर्देश दिए, ताकि वोटिंग के दौरान कोई परेशानी न हो। आईजी चंद्रा ने मासलपुर सीआई परमजीत सिंह को इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए निर्देश दिए। उन्होंने चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए सतर्कता और प्रभावी पुलिस व्यवस्था पर जोर दिया।