उदयपुर के मावली में वार्ड नंबर-10 में नाले की दीवार का घटिया निर्माण करने वाले ठेकेदार गौरीशंकर खटीक का भुगतान का रोक दिया है। वहीं, इसकी फर्म 'गौरीशंकर खटीक' को ब्लेक लिस्टेड करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। करीब 7 दिन पहले ही इस नाले का निर्माण हुआ था और एक दिन पहले हुई तेज बारिश में यह नाला ढह गया। जिसके बाद स्थानीय लोगों ने निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाए थे। साथ ही मावली नगर पालिका के इंजीनियर्स की मॉनिटरिंग नहीं होने से लापरवाही की बात सामने आई थी। इस मामले को मावली एसडीएम रमेश सिरवी ने गंभीरता से लिया। एसडीएम ने सोमवार को नाला निर्माण करने वाले ठेकेदार का तत्काल भुगतान रोक दिया और इसकी फर्म को ब्लेक लिस्टेड करने के आदेश दिए। लोग बोले-पालिका अफसरों ने ना मॉनिटरिंग की, ना गुणवत्ता जांची क्षेत्रवासी धर्मेन्द्र गुर्जर, धीरज भट्ट ने बताया कि करीब सप्ताहभर पहले नाले पर ढाई फीट ऊंची दीवार का निर्माण किया गया था। एक दिन पहले तेज बारिश में करीब 25 फीट लंबा दीवार का हिस्सा ढह गया। मलवा अभी भी नाले के बीच में ही पड़ा है। जिसे अभी तक हटवाया नहीं गया। दीवार निर्माण में घटिया से घटिया निर्माण सामग्री उपयोग में ली गई। इसमें नगर पालिका अफसरों ने कोई मॉनिटरिंग नहीं की। अफसर अगर मौके पर जाकर मॉनिटरिंग करते, गुणवत्ता की जांच करते तो आम जनता के पैसे का इस तरह नुकसान नहीं होता। दोषी सरकारी कर्मचारी-अफसरों पर भी होगी कार्रवाई: एसडीएम मावली एसडीएम रमेश सिरवी ने बताया कि नगर पालिका ने ठेकेदार से एक नाला बनवाया था, जो तेज बारिश के कारण टूट गया। मामले संज्ञान में आते ही मैंने पीडब्ल्यूडी और पंचायत समिति एईएन की कमेटी बनाकर जांच के आदेश दिए। इसमें जो भी दोषी सरकारी कर्मचारी-अधिकारी होगा। उसके खिलाफ भी कार्रवाई होगी। मैंने नगर पालिका को ठेकेदार का भुगतान रोकने के निर्देश दिए हैं। साथ ही इसकी फर्म को ब्लेक लिस्टेड करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। सप्ताह में एक दिन आते हैं पालिका के अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका मावली में अधिशाषी अधिकारी प्रवीण बंसल ने बताया कि वे नगर निगम उदयपुर में एईएन हैं। उनके पास मावली का एडिशनल चार्ज है। वे सप्ताह में एक बार ही मावली नगर पालिका आ पाते हैं। बंसल ने माना कि ठेकेदार गौरीशंकर ने घटिया सामग्री का उपयोग किया है। इसके हमने करीब 200 फीट लंबे नाले और एक सड़क निर्माण का ठेका दिया था। जिसका भुगतान फिलहाल रोक दिया है। इनपुट: ओम पुरोहित, मावली