श्रीगंगानगर। रामनगर (पुरानी आबादी) की मूलभूत समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर सद्भावना मंच जन चेतना समिति ने अध्यक्ष हेमराज गुरहानी के नेतृत्व में एडीएम को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उदाराम चौक से रवि चौक तक नाले के टूटे कवर, झूलते विद्युत तारों, श्रीकृष्ण मंदिर चौक पर जर्जर ट्रांसफार्मर से बड़े हादसे की आशंका जताई गई है। इसके अलावा क्षेत्रवासियों ने एलएंडटी कंपनी की ओर से पानी व सीवरेज के नाम पर बार-बार सड़कें खोदकर छोड़ने पर भी भारी रोष जताया। लोगों ने प्रशासन से गर्मी और बरसात के मौसम को देखते हुए इन समस्याओं के शीघ्र और स्थायी समाधान की मांग की है।