बीकानेर के महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय (MGSU) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 से विद्यार्थियों के लिए 4 नए रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम शुरू करने की घोषणा की है। इनमें मास्टर ऑफ सोशल वर्क (MSW), M.Sc.जियोलॉजी के साथ बायो फर्टिलाइजर प्रोडक्शन और बायो पेस्टिसाइड्स प्रोडक्शन के दो सर्टिफिकेट कोर्स शामिल हैं। विश्वविद्यालय ने इन सभी पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। विश्वविद्यालय के कुलगुरु आचार्य मनोज दीक्षित ने बताया- नए पाठ्यक्रम राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप तैयार किए गए हैं। इनका उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, कौशल आधारित और रोजगारोन्मुखी शिक्षा उपलब्ध कराना है। इन कोर्स के शुरू होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे शहरों का रुख करने की आवश्यकता भी कम होगी। स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे बायो फर्टिलाइजर प्रोडक्शन और बायो पेस्टिसाइड्स प्रोडक्शन के सर्टिफिकेट कोर्स प्राकृतिक-सतत कृषि को बढ़ावा देने के साथ युवाओं के लिए उद्यमिता और स्वरोजगार के नए अवसर तैयार करेंगे। इन पाठ्यक्रमों में विद्यार्थियों को जैविक खेती और आधुनिक उत्पादन तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। वहीं एमएसडब्ल्यू और एमएससी जियोलॉजी जैसे स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम सामाजिक विकास, अनुसंधान, पर्यावरण संरक्षण, खनन और भू-विज्ञान जैसे क्षेत्रों में रोजगार की नई संभावनाएं खोलेंगे। विश्वविद्यालय का मानना है कि इन कोर्सों से विद्यार्थियों को विभिन्न सरकारी और निजी क्षेत्रों में प्रतिस्पर्धी अवसर मिलेंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया- सभी नए पाठ्यक्रमों के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इच्छुक अभ्यर्थी पात्रता, शुल्क, आवेदन प्रक्रिया और अन्य जानकारी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट से प्राप्त कर निर्धारित तिथि तक आवेदन कर सकते हैं।