जैसलमेर जिले के मुलाना गांव में एक घर के बाहर विशालकाय कोबरा सांप निकला। जैसलमेर से 52 किलोमीटर दूर स्थित इस गांव में निकले जहरीले सांप से बचाव के लिए स्नैक कैचर साहिल खान मौके पर पहुंचे। तब तक सांप बाथरूम की नींव में बने बिल में घुस गया। 30 मिनट की कड़ी मशक्क्त के बाद स्नैक कैचर साहिल ने बिल में पानी डालकर सांप को बाहर निकलने पर मजबूर किया और उसे रेस्क्यू किया। जहरीले सांप को रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ देने के बाद सभी ने राहत की सांस ली। खेत से लौटते समय हुआ सामना जानकारी के अनुसार, ग्रामीण बहादुर सिंह जब अपने खेत से काम पूरा कर घर की तरफ लौट रहे थे, तभी उनकी नजर घर के बाहर बने बाथरूम के पास घूम रहे एक करीब 5 फीट लंबे काले कोबरा पर पड़ी। सांप को बाथरूम की तरफ जाते देख बहादुर सिंह ने तुरंत सूझबूझ दिखाई और एक लकड़ी की सहायता से बाथरूम का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया, ताकि सांप अंदर या घर के अन्य हिस्सों में न घुस सके। नींव में जाकर छुपा कोबरा दरवाजा बंद होने के बाद कोबरा बाथरूम के नीचे बनी नींव की दरारों में जाकर छुप गया। इसके बाद तुरंत जैसलमेर के स्नेक कैचर साहिल को इसकी सूचना दी गई। साहिल ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद सांप को नींव के पास से सुरक्षित बाहर निकाला गया। जंगल में छोड़ा स्नेक कैचर साहिल ने बताया कि यह एक जहरीला कोबरा था, जिसकी लंबाई करीब 5 फीट थी। रेस्क्यू के बाद सांप को आबादी क्षेत्र से दूर सुरक्षित प्राकृतिक आवास (जंगल) में छोड़ दिया गया है। सांप के पकड़े जाने के बाद बहादुर सिंह के परिवार और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।