अलवर शहर में बुधवार शाम अचानक मौसम ने करवट ली और तेज अंधड़ के साथ धूल भरी आंधी चलने लगी। आंधी इतनी तेज थी कि शहर के कई हिस्सों में पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए, जिससे जनजीवन प्रभावित हो गया और कई जगह यातायात बाधित हो गया। शहर के कंट्रोल रूम इलाके में शनि देव मंदिर के सामने एक बड़ा पेड़ गिर गया। वहीं इटाराणा पुलिया पर रोड लाइट पोल गिर गया। इसके अलावा एसएमडी सर्किल से मोती डूंगरी जाने वाली सड़कों पर पेड़ टूटकर गिर गए, जिससे दोनों तरफ का रास्ता पूरी तरह बंद हो गया। सड़कों पर बिजली के तार भी टूटकर गिर गए, जिससे खतरे की स्थिति बनी रही। हालांकि कुछ बाइक चालक जोखिम उठाकर छोटे रास्तों से गुजरते दिखे। उधर, ग्रामीण क्षेत्र माचाड़ी में भी आंधी का असर देखने को मिला, जहां तेज हवा के चलते बिजली का खंभा गिर गया। इस घटना का लाइव वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आंधी की तीव्रता साफ देखी जा सकती है। मौसम की बात करें तो सुबह से ही शहर में मौसम साफ था और दिन में तेज धूप के चलते तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। दोपहर में उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान किया। हालांकि एक दिन पहले जिले के कई इलाकों में बारिश से थोड़ी राहत मिली थी, लेकिन बुधवार को फिर से गर्मी और उमस का असर बढ़ गया। फिलहाल प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमों को अलर्ट कर दिया गया है, ताकि गिरे हुए पेड़ों और बिजली के पोल को हटाकर जल्द से जल्द यातायात और बिजली व्यवस्था को सुचारु किया जा सके। अब देखिए, अलवर के मौसम से जुड़ी PHOTOS..