भास्कर न्यूज| भरतपुर जनाना अस्पताल में वर्षों से बनी पार्किंग की समस्या अब जल्दी दूर होगी। अस्पताल परिसर में करीब 8 करोड़ रुपए की लागत से मल्टी-लेवल कार पार्किंग एवं आवश्यक लैंडस्केपिंग वर्क कराया जाएगा। इस परियोजना के लिए राशि स्वीकृत हो चुकी है। इसके बनने से अस्पताल परिसर में पार्किंग की अव्यवस्था खत्म होगी और मरीजों, तीमारदारों, अस्पताल स्टाफ तथा एम्बुलेंस के लिए व्यवस्थित पार्किंग सुविधा उपलब्ध होगी। नगर िनगम ने स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत जनाना अस्पताल में मल्टी-लेवल कार पार्किंग एवं आवश्यक लैंडस्केपिंग वर्क के लिए 8 करोड़ रुपए की राशि आवंटित की है। इस प्रोजेक्ट के तहत बहुमंजिला पार्किंग के साथ रैंप, लिफ्ट, दिव्यांगजन के लिए सुगम पहुंच, पैदल चलने वालों के लिए सुरक्षित रास्ता, ऊर्जा दक्ष लाइटिंग, वर्षा जल संचयन तथा हरित क्षेत्र विकसित किए जाएंगे। अस्पताल परिसर में अव्यवस्थित पार्किंग समाप्त होने से आपातकालीन सेवाओं की आवाजाही भी अधिक सुचारु हो सकेगी। परियोजना का उद्देश्य अस्पताल परिसर में वाहनों के दबाव को कम करना, सड़क किनारे व इधर-उधर होने वाली पार्किंग को रोकना और उपलब्ध भूमि का बेहतर उपयोग करना है। 8 करोड़ रुपए की राशि आवंटित हुई है: डॉ. भदौरिया जनाना अस्पताल में पार्किंग की समस्या को स्थायी समाधान देने के लिए मल्टी-लेवल कार पार्किंग का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए नगर निगम ने 8 करोड़ रुपए की राशि आवंटित की है और नगर िनगम ही इसका िनर्माण कराएगी। इससे मरीजों, तीमारदारों और अस्पताल स्टाफ को बेहतर पार्किंग सुविधा मिलेगी तथा अस्पताल परिसर में पार्किंग व्यवस्था भी सुधरेगी। - डॉ. नगेन्द्र सिंह भदौरिया, चिकित्सा अधीक्षक, आरबीएम अस्पताल, भरतपुर।