मुंडावर विधायक ललित यादव ने हरियाणा सीमा से सटी अजरका पुलिस चौकी का औचक निरीक्षण किया। चौकी में लंबे समय से चली आ रही स्टाफ की कमी को लेकर ग्रामीणों में असंतोष था। विधायक ने मौके पर ही पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय से फोन पर बात की, जिसके बाद दो दिन में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने का आश्वासन मिला है। एक पुलिसकर्मी और एक होमगार्ड के कंधों पर सुरक्षा की जिम्मेदारी ग्रामीणों ने विधायक को बताया-अजरका पुलिस चौकी का क्षेत्राधिकार हरियाणा सीमा से जुड़े तीन बॉर्डर क्षेत्रों सहित लगभग 42 गांवों तक फैला हुआ है। वर्तमान में, इस बड़े और संवेदनशील क्षेत्र की सुरक्षा की जिम्मेदारी केवल एक पुलिसकर्मी और एक होमगार्ड के कंधों पर है। सीमावर्ती इलाका होने के चलते पुलिस बल की तैनाती की मांग स्टाफ की भारी कमी के कारण नियमित गश्त, अपराधों की रोकथाम और आपातकालीन घटनाओं में त्वरित कार्रवाई करना बेहद चुनौतीपूर्ण हो गया है। सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण यहां पुलिस की सक्रिय मौजूदगी आवश्यक है, लेकिन स्टाफ की कमी से लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। उन्होंने तत्काल पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की मांग की। अतिरिक्त स्टाफ उपलब्ध कराने की मांग ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विधायक ललित यादव ने मौके पर ही पुलिस अधीक्षक बृजेश उपाध्याय से दूरभाष पर चर्चा की। उन्होंने चौकी की वास्तविक स्थिति से अवगत कराते हुए अतिरिक्त स्टाफ उपलब्ध कराने का आग्रह किया। विधायक ने बताया कि पुलिस अधीक्षक ने दो दिनों के भीतर अजरका पुलिस चौकी पर आवश्यक पुलिस बल की व्यवस्था करने का आश्वासन दिया है। विधायक ललित यादव ने कहा कि क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है और आमजन की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। इस निरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और सभी ने एक स्वर में अजरका पुलिस चौकी पर पर्याप्त स्टाफ की तैनाती की मांग दोहराई।