मुंडावर क्षेत्र में बुधवार देर शाम मौसम में अचानक बदलाव आया। दिनभर की भीषण गर्मी के बाद शाम को आसमान में काले बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ आंधी चलने लगी। इसके बाद कई स्थानों पर चने के आकार के ओले गिरे, जिससे क्षेत्र का मौसम पूरी तरह बदल गया। आंधी और ओलावृष्टि के कारण बाजारों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोग सुरक्षित स्थानों की तलाश में दुकानों की ओर भागे। तेज हवाओं से कई स्थानों पर पेड़-पौधों को नुकसान हुआ है। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में फसलों को भी आंशिक क्षति पहुंचने की आशंका है। मौसम बदलने के बाद तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। ठंडी हवाओं और हल्की बारिश से वातावरण सुहावना हो गया। बच्चों और युवाओं ने इस बदले मौसम का आनंद लिया। ग्रामीणों के अनुसार, इस अचानक बदले मौसम से गर्मी से राहत तो मिली है, लेकिन ओलावृष्टि ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी मौसम में बदलाव की संभावना व्यक्त की है।