नदबई में कस्बे के हलैना रोड स्थित कच्चा कुंडा (कुंडा पोखर) पर नगर पालिका की ओर से कराए जा रहे सौंदर्यकरण एवं निर्माण कार्य के दौरान रविवार शाम ठेकेदार पक्ष और आसपास की कॉलोनी के लोगों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई और दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडों, सरियों व फावड़ों से हमला हो गया। घटना में ठेकेदार सहित पांच लोग घायल हो गए। इनमें एक की हालत गंभीर होने पर उसे प्राथमिक उपचार के बाद भरतपुर रेफर किया गया। सीओ अमर सिंह राठौड़ ने बताया- बिरहरु, तहसील कुम्हेर (डीग) निवासी नकुल राज पुत्र दुलीचंद ने नदबई थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में बताया कि वह रविवार शाम करीब 5 बजे अपने साथी सुपरवाइजर उमेश और आकाश के साथ जाटव मोहल्ला स्थित कच्चा कुंडा पर नगर पालिका की स्वीकृत निविदा के अनुसार सौंदर्यकरण एवं निर्माण कार्य करा रहा था। दीवार निर्माण का विरोध, गाली-गलौच के बाद बढ़ा विवाद शिकायत के अनुसार इसी दौरान करीब आठ से दस लोग एक राय होकर मौके पर पहुंचे। उनके हाथों में लाठी, सरिए और फावड़े थे। आरोप है कि उन्होंने आते ही गाली-गलौच शुरू कर दी और निर्माणाधीन दीवार का विरोध करते हुए पूछा कि उनकी ओर दीवार क्यों बनाई जा रही है। ठेकेदार ने उन्हें समझाने का प्रयास किया कि निर्माण कार्य नगर पालिका की स्वीकृत योजना के अनुसार किया जा रहा है। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि समझाने के बावजूद लोगों ने निर्माणाधीन दीवार को तोड़ना शुरू कर दिया। जब ठेकेदार और उसके साथियों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने लाठी, सरियों और फावड़ों से हमला कर दिया। हमले में ठेकेदार नकुल राज, सुपरवाइजर उमेश, आकाश सहित पांच लोग घायल हो गए। गंभीर घायल को भरतपुर किया रेफर घटना के बाद सभी घायलों को नदबई के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सुपरवाइजर की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए भरतपुर रेफर कर दिया। अन्य घायलों का उपचार जारी है। सीओ अमर सिंह राठौड़ ने बताया कि पीड़ित की रिपोर्ट के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। दोनों पक्षों से पूछताछ के साथ घटना के कारणों की भी पड़ताल की जा रही है।