नदबई क्षेत्र के गांव करीली में रविवार शाम को खेत पर कृषि कार्य कर रहे 38 वर्षीय युवक की अचानक मौत हो गई। युवक खेत में अचेत अवस्था में पड़ा मिला, जिसे देखकर आसपास के ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने बताया कि गांव निवासी सत्यभान पुत्र रणधीर अपने खेत पर गेहूं इकट्ठा करने का काम कर रहा था। इसी दौरान वह अचानक अचेत होकर खेत में गिर पड़ा। जब लोगों की नजर उस पर पड़ी तो वे घबरा गए और तुरंत उसके परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और बिना देर किए सत्यभान को अस्पताल लेकर गए, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। एएसआई लक्ष्मण सिंह के अनुसार, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर राजकीय जिला अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम कराया। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।