भरतपुर में पैर फिसलने से महिला ट्रेन और प्लटेफॉर्म के बीच फंस गई। इतने में ट्रेन चलने लगी। महिला की चीख-पुकार सुन ट्रेन रुकवाई गई, करीब 10 मिनट तक रेस्क्यू चला और महिला को बाहर निकाला गया। घटना में महिला का एक हाथ बुरी तरह कुचल गया। साथ ही शरीर के कई हिस्सों पर भी चोटें आई। आखिरकार महिला की मौत हो गई। घटना नदबई रेलवे स्टेशन पर मंगलवार सवेरे 9 बजे की है। महिला की पहचान मध्यप्रदेश के ग्वालियर निवासी प्रीति सक्सेना (42) के रूप में हुई है। प्रीति अपने पति धीरेंद्र सक्सेना के साथ बेटी से मिलने नदबई आई थी। वापस लौटते समय ये हादसा हुआ। देखें घटना के बाद के PHOTOS बेटी से मिलने आई थी नदबई मिली जानकारी के अनुसार प्रीति सक्सेना अपने पति धीरेंद्र सक्सेना के साथ रविवार को नदबई आई थी। उनकी बेटी भूमि सक्सेना ने हाल ही में नदबई स्थित एचडीएफसी बैंक में नौकरी जॉइन की थी और वो प्रशिक्षण पर थी। बेटी की नई शुरुआत की खुशी साझा करने के बाद मंगलवार सुबह दोनों पति-पत्नी उदयपुर–खजुराहो ट्रेन से वापस ग्वालियर लौट रहे थे। ट्रेन में चढ़ते समय फिसला पैर प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 9 बजकर 5 मिनट पर जैसे ही प्रीति सक्सेना ट्रेन में चढ़ने लगीं, अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और पैर फिसलने से वो ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच जा फंसीं। इसी दौरान ट्रेन चलने लगी। महिला की चीख-पुकार सुनकर प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। ट्रेन रुकवाई, 10 मिनट तक चला रेस्क्यू घटना की सूचना मिलते ही रेलवे कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे और ट्रेन को रुकवाया गया। करीब 10 मिनट तक ट्रेन स्टेशन पर खड़ी रही। कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद महिला को ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी। ई-रिक्शा से अस्पताल ले गए घटना के तुरंत बाद यात्रियों ने एम्बुलेंस को सूचना दी। मौजूद लोगों ने इंसानियत दिखाते हुए महिला को ई-रिक्शा के जरिए नदबई के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।