नागौर में पुलिस के ऑपरेशन संकल्प के तहत नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। DST टीम ने जोधपुर बाईपास के पास मेला मैदान की झाड़ियों से 8 युवकों को नशा करते पकड़ा, जबकि तेलीवाड़ा इलाके से 2 लोगों को नशा तस्करी में गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों की चार बाइक भी MV एक्ट में जब्त की गई है। झाड़ियों में नशा करते 8 युवक पकड़े DST टीम ने जोधपुर बाईपास रोड स्थित सेंट जेवियर्स स्कूल के पीछे मेला मैदान की झाड़ियों में दबिश दी। यहां सुनसान जगह पर बैठकर नशा कर रहे 8 युवकों को गिरफ्तार किया गया। ये युवक राहगीरों को भी परेशान कर रहे थे। कार्रवाई के दौरान कोतवाली थाना पुलिस का जाब्ता भी साथ रहा। तेलीवाड़ा से 2 आरोपी तस्करी में गिरफ्तार पुलिस ने शहर के तेलीवाड़ा इलाके से दो लोगों को भी गिरफ्तार किया है। ये दोनों नशा तस्करी में शामिल पाए गए। DST टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए इन्हें पकड़ा। घर से बहाना बनाकर शहर आते थे युवक कोतवाली थानाधिकारी वेदपाल शिवरान ने बताया कि पकड़े गए अधिकांश आरोपी ग्रामीण इलाकों के रहने वाले हैं। पूछताछ में सामने आया कि ये युवक घर से बैंक काम, खरीदारी या कोचिंग का बहाना बनाकर निकलते थे और शहर आकर सुनसान जगहों पर नशा करते थे। परिजनों को दी सूचना पुलिस ने सभी आरोपियों के परिजनों को सूचना दे दी है, ताकि वे अपने बच्चों पर नजर रख सकें और नशे की आदत छुड़ाने की कोशिश करें। इन आरोपियों को किया गिरफ्तार पुलिस के अनुसार धर्मेंद्र (34), अशोक (29) निवासी चातरा मांजरा, श्रीपाल (25) निवासी भटनोखा, लादूराम (44) निवासी अहीरपुरा, दिनेश (23) निवासी गगवाना, मेघाराम (47) निवासी संजय कॉलोनी, सुभाष (25) निवासी ढींगसरा और रामदेव (35) निवासी डेरवा को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।